लापरवाही : मुंबई में 6 दिन के बच्‍चे को भी कोरोना

महाराष्ट्र में महज 6 दिन का बच्चा कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। बच्चे के साथ ही उसकी 26 वर्षीय मां भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। आरोप है कि अस्‍पताल की लापरवाही से ऐसा हुआ।

Publish: Apr 03, 2020, 02:54 AM IST

corona in maharashtra
corona in maharashtra

मुंबई।

महाराष्ट्र में महज छह दिन का बच्चा कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। बच्चे के साथ ही उसकी 26 वर्षीय मां भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। इसके साथ ही बुधवार तक राज्य में कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या 337 पर पहुंच गई है।

मुंबई में मां और छह दिन के बच्‍चे के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद हड़कंप मच गया है। बच्चे का जन्म 26 मार्च को मुंबई के चेंबुर अस्पताल में हुआ था। परिजनों का आरोप है कि महिला को उस बेड पर रखा गया था जिसपर पहले कोरोना संक्रमित मरीज को रखा गया था। जिसके बाद मंगलवार को नवजात और उसकी मां दोनों को पहले कुर्ला भाभा अस्पताल में और फिर कस्तुरबा अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।

महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमित 7 मरीजों की बुधवार को मौत हो गई। इनमें से 6 मरीजों की मौत मुम्बई में और 1 मरीज की मौत पालघर में हुई है। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमण के कारण मरने वालों की संख्या 17 हो गई है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में ही अब तक कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या सर्वाधिक है। मुम्बई की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी में कोरोना संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। मृत व्यक्ति के पूरे परिवार को क्वारैंटाइन करने के बाद प्रशासन ने बस्ती में बड़े पैमाने पर सेनेटाइजेशन अभियान चलाया है।

5 सीआईएसएफ जवानों को भी संक्रमण

कोरोना की चपेट में अब सीआईएसएफ के पांच जवान भी आ गए हैं। ये सभी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तैनात थे। इससे पहले मुंबई के सीएसटी रेलवे पुलिस स्टेशन का एक कॉन्स्टेबल भी कोरोना से संक्रमित मिला था। रेलवे पुलिस के इस कॉन्स्टेबल को 30 मार्च को कल्याण के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसका कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।